कप्तान साहिबा! गुना में फिर चोरी हो गई

24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात, इस बार कैंट क्षेत्र में बदमाशों का तांडव, सीसीटीवी में दिखी चोरों की टोली

कप्तान साहिबा! गुना में फिर चोरी हो गई
बदमाशों ने अस्त-व्यस्त किया घर का सामान।

अनंत न्यूज़ @गुना। जिले की नवागत पुलिस कप्तान हितिका वासल ने पदभार संभालते ही अपराध नियंत्रण और बदमाशों की धरपकड़ के सख्त निर्देश दिए थे। हालांकि एसपी को पदस्थी के बाद ही हनुमान जन्मोत्सव जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी मिल गई। लेकिन इसके तुरंत बाद ही बदमाशों ने पुलिस को चुनौती पेश करना शुरु कर दिया है।

गुना जिले में बीते 24 घंटों के दरमियान बदमाशों ने चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। भगत सिंह कॉलोनी के बाद बदमाशों ने बीती रात कैंट क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जाहिर है जिन परिवारों के घरों से बदमाश उनके जीवनभर की कमाई लेकर रफूचक्कर हुए हैं, वह पीड़ित अब एसपी हितिका वासल की ओर उम्मीद भरी निगाह देख रहे हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नवागत शहर के नागरिकों की नींद हराम कर रहे बदमाशों की न केवल धरपकड़ करवाएंगी, बल्कि उनके घर से चोरी हुए आभूषण, नकदी और गृहस्थी का सामान भी वापस मिल सकेगा। दरअसल, शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने लगातार दूसरे दिन पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। भगत सिंह कॉलोनी में आधा दर्जन घरों को निशाना बनाने के अगले ही दिन चोरों ने शहर के दूसरे छोर पर स्थित कैंट क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी खैजरा रोड में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाशों ने दो घरों में धावा बोला, जिसमें से एक घर से करीब 3 लाख रुपये का माल समेट ले गए।

खैजरा रोड पर हुई वारदात

जानकारी सामने आई है कि बदमाशों ने अर्चना दिनकर के मकान को मुख्य रूप से निशाना बनाया। चोर यहां से 35 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ घर गृहस्थी का भारी सामान भी ले उड़े, जिसमें 42 इंची एलईडी टीवी, फ्रिज, लैपटॉप, दो पंखे और यहां तक कि 15 हजार रुपए की कीमत का कूलर भी शामिल है। चोरी गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि पास ही स्थित एक अन्य मकान में भी बदमाशों ने सेंधमारी की है, हालांकि वहां से हुई चोरी की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीसीटीवी कैमरों में करीब 8 से 10 बदमाशों की टोली कैद हुई है, जो बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त करने में जुटी है और क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। लगातार हो रही इन वारदातों से शहरवासियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

आंखों में आंसू लेकर बताई पीड़ा

बीती रात हुई चोरी की बड़ी वारदात का शिकार हुआ दिनकर परिवार दुखी है। इस परिवार में मौजूद अर्चना दिनकर रविवार को रोते हुए गले से मीडियाकर्मियों को पूरी जानकारी दी। बताया गया कि बदमाश अर्चना के आभूषण भी ले गए हैं, जो बमुश्किल उनके परिवार द्वारा बनवाए गए थे। इसी तरह घर में रखी जमा पूंजी पर भी बदमाशों ने हाथ साफ कर लिया था। उम्मीद तो यह थी कि कैंट पुलिस भगत सिंह कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में रविवार को कोई खुलासा कर सकती है। लेकिन दिन की शुरुआत इसके विपरीत हुई। भगत सिंह कॉलोनी की चोरी मामले में पुलिस को स्कॉर्पियो जैसा बड़ा सबूत भी हाथ लगा है, लेकिन अभी तक पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है।