सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस ने निकाली बाइक रैली, एसपी ने जताई चिंता

सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस ने निकाली बाइक रैली, एसपी ने जताई चिंता

गुना। अनंत न्यूज़

शहर में सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से नागरिकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

एसपी हितिका वासल ने स्वयं उपस्थित होकर इस जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी, जहां पुलिस बल ने बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया। इस अवसर पर एसपी हितिका वासल ने शहरवासियों के व्यवहार को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर में अपेक्षाकृत बहुत कम लोग हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं, जो उनकी सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना किसी कानूनी मजबूरी के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है। सभी बाइक सवार अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनें। पुलिस प्रशासन का मानना है कि केवल चालानी कार्रवाई कर देने से व्यवहार में स्थाई बदलाव नहीं लाया जा सकता। अनुशासन और सुरक्षा की भावना जगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों की भी उतनी ही आवश्यकता है। इसी सोच के साथ इस रैली का आयोजन किया गया ताकि लोग स्वत: ही अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत हों।