सुदामा कॉलोनी चोरी मामले में बढ़ा आंकड़ा, एसपी से शिकायत
8 नहीं 12 से 15 लाख रुपए की चोरी का दावा
गुना। अनंत न्यूज़
शहर के बूढ़े बालाजी स्थित सुदामा कॉलोनी में 19 अप्रैल की रात हुई चोरी की वारदात ने अब और भी गंभीर रूप ले लिया है। पीड़ित परिवार और समाजसेवियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल को शिकायती आवेदन सौंपा है।
प्रारंभिक जांच में चोरी गई संपत्ति का अनुमान लगभग 8 लाख रुपए लगाया गया था। हालांकि, पीड़ित हेमंत भार्गव ने बताया कि घर की बारीकी से पड़ताल और मिलान के बाद चोरी हुए माल की कीमत 12 से 15 लाख रुपए के बीच पहुंच गई है। पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के तुरंत बाद वे सदमे में थे और पूरी स्थिति का सही आकलन नहीं कर पाए थे। जांच में यह नई और संवेदनशील बात सामने आई है कि बदमाशों ने न केवल नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया, बल्कि घर के मंदिर में रखे भगवान के गहने और बेशकीमती रत्न भी चोरी कर लिए हैं। इस खुलासे के बाद से स्थानीय समाजसेवियों और रहवासियों में भारी रोष है। घटनाक्रम के अनुसार, 19 अप्रैल की रात पीड़ित हेमंत भार्गव के भाई ललित की शादी का समारोह एक निजी मैरिज गार्डन में चल रहा था। पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर बदमाशों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया और रफूचक्कर हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने पीड़ित परिवार और समाजसेवियों को आश्वस्त किया है कि पुलिस की टीमें सक्रियता से काम कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही साक्ष्य जुटाकर बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।