‘हाईटेक’ जुआ अड्डे पर पुलिस की कार्रवाई, 25 लाख के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का खुलासा

‘हाईटेक’ जुआ अड्डे पर पुलिस की कार्रवाई, 25 लाख के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का खुलासा

गुना।अनंत न्यूज़

 कैंट थाना क्षेत्र के बिलोनिया जंगल में संचालित एक संगठित जुआ गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में नकदी, वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसमें करीब 25 लाख रुपये के ऑनलाइन लेन-देन का रिकॉर्ड मिला है।

पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में शुक्रवार शाम यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव को सूचना मिली थी कि पुरानी तहसील के पास एक युवक जुआरियों को जंगल स्थित अड्डे तक पहुंचाने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि चंदेल (30) को पकड़ लिया।

पूछताछ में रवि ने बताया कि वह दिनेश कुशवाह उर्फ ‘चश्मा’ के गिरोह के लिए काम करता है। उसका काम जुआरियों को अड्डे तक पहुंचाना और कमीशन की रकम ऑनलाइन माध्यम से गिरोह के सरगना तक भेजना था।

रवि से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बिलोनिया जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर चार आरोपी फरार हो गए, जबकि छोटू जोगी (21) को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपियों की पहचान अंकित महाराज, भोला (ऊमरी), नरेश (राघौगढ़) और पप्पू अली (बमौरी) के रूप में हुई है।

मौके से पुलिस ने 29,700 रुपये नकद, ताश की गड्डी, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त मोबाइल की जांच में करीब 25 लाख रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का विवरण मिला, जिससे जुए के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

जांच में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसमें अलग-अलग लोगों को अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।