गुना पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन

6 घंटे में दबोचे आँखों में स्प्रे डालकर मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश, 16 लाख की चोरी का भी पदार्फाश

गुना पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन

गुना।अनंत न्यूज़

 अगर गुना जिले में अपराध को अंजाम दिया, तो पाताल से भी ढूंढ निकाले जाओगे। पुलिस की नजरों और कानून के हाथों से बचना अब नामुमकिन है। यह सख्त संदेश गुना की नवागत एसपी हितिका वासल ने दो सनसनीखेज वारदातों का खुलासा करते हुए अपराधियों को दिया है। गुना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटों के भीतर भार्गव कॉलोनी में हुई लूट के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही कैंट क्षेत्र में हुई 16 लाख रुपए की बड़ी चोरी का भी पदार्फाश कर दिया है।
दरअसल, मंगलवार की सुबह शहर की भार्गव कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रहीं महिला प्रेमाबाई किरार के गले से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र झपटकर रफूचक्कर हो गए। बदमाश इतने शातिर थे कि वे विरोध करने पर आँखों में मिर्ची या केमिकल स्प्रे डाल देते थे। इस वारदात से ठीक कुछ देर पहले इन बदमाशों ने गुना के ही सुगन चौराहे पर भी इसी तरह की लूट का असफल प्रयास किया था। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी हितिका वासल ने तत्काल नाकेबंदी के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में कार्तिक त्यागी (निवासी शिवपुरी), बल्देव राठौर (निवासी शिवपुरी) और रोहित दुबे (निवासी दिल्ली) शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए गुना रेलवे स्टेशन से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी।

गोविंद गार्डन में हुई 16 लाख की चोरी का पदार्फाश

क्राइम ब्रांच और कैंट पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता 31 मई को गोविंद गार्डन निवासी विनायक रघुवंशी के सूने मकान में हुई चोरी के मामले में मिली। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर शुभम उर्फ लेटी (पुत्र धारत सिंह कुशवाह, निवासी बांसखेड़ी, गुना) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी 'लेटी' के कब्जे से चोरी किए गए 16 लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता हासिल की है। दोनों बडी वारदातों का खुलासा करते हुए गुना एसपी हितिका वासल ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि गुना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले और वारदातों को अंजाम देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह त्वरित एक्शन यह साबित करता है कि गुना में कानून का राज है।