4 साल बाद उत्तर प्रदेश को मिला स्थायी DGP, राजीव कृष्णा संभालेंगे पुलिस की कमान

4 साल बाद उत्तर प्रदेश को मिला स्थायी DGP, राजीव कृष्णा संभालेंगे पुलिस की कमान

लखनऊ।अनंत न्यूज़

उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को राज्य का स्थायी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। इसके साथ ही करीब चार वर्षों बाद प्रदेश को स्थायी डीजीपी मिला है।

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा इससे पहले कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी नियुक्ति के साथ प्रदेश पुलिस को स्थायी नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

राजीव कृष्णा का पुलिस प्रशासन में लंबा अनुभव रहा है। वे विजिलेंस, पुलिस भर्ती और विभिन्न महत्वपूर्ण फील्ड पोस्टिंग में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उत्तर प्रदेश एटीएस के संस्थापक प्रमुख के रूप में भी उनकी पहचान रही है।

स्थायी डीजीपी बनने के बाद राजीव कृष्णा ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने की बात कही है।