नो पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाने फिर एक्टिव हुई टोइंग वैन

ऑटो पर 100 रुपए का जुर्माना, वाहन जब्त हुआ तो देने होंगे 500 रुपए

नो पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाने फिर एक्टिव हुई टोइंग वैन
नपा की टोर्इंग वैन ने शुरु की कार्रवाई

गुना। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका ने एक बार फिर नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुधवार को नपा की टीम यातायात पुलिस के साथ टोइंग वैन लेकर सड़क पर उतरी और कई जगह नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की। इस अचानक हुई कार्रवाई के चलते बाजार में हड़कंप सा माहौल देखा गया। बताया जा रहा है कि पूर्व में इस कार्रवाई का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपा गया था, लेकिन अब नगरपालिका ही यातायात पुलिस के सहयोग से नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर रही है। बुधवार को यह कार्रवाई हनुमान चौराहा, तेलघानी चौराहा, जयस्तंभ चौराहा और बोहरा मस्जिद चौराहा पर देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। टीम ने पहली कार्रवाई बोहरा मस्जिद क्षेत्र में सफेद पार्किंग लाइन के बाहर खड़े एक आॅटो पर यह जुर्माना लगाकर की है। वहीं, अगर किसी वाहन का मालिक मौके पर नहीं मिलता है और नपा की टीम उसे टोइंग वैन से उठाकर ले जाती है, तो पूरा खर्च मिलाकर करीब 500 रुपये जुर्माने के रूप में वाहन मालिक को ही देना होगा।