विवाहिता से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार

विवाहिता से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार

अनंत न्यूज़ @गुना। गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में जिले में महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में फतेहगढ़ थाना पुलिस ने एक विवाहिता से दुष्कर्म के मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल को फतेहगढ़ थाने में 35 वर्षीय एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि ग्राम भिंडरा निवासी गोविंद अहिरवार पिछले करीब दो वर्षों से उसके साथ जबरन गलत काम कर रहा था। आरोपी उसे जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गोविंद अहिरवार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 66/26, धारा 64(2)(एम) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी ने एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने प्रभावी घेराबंदी करते हुए आरोपी गोविंद पुत्र रामभरोसा अहिरवार (27 वर्ष) को 12 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।