रेडक्रॉस भवन में हुआ महिला सशक्तिकरण कार्यशाला और सम्मान समारोह आयोजित

समाजसेवी महिलाओं का हुआ सम्मान

रेडक्रॉस भवन में हुआ महिला सशक्तिकरण कार्यशाला और सम्मान समारोह आयोजित

अनंत न्यूज़ @गुना। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी गुना प्रबंध समिति द्वारा रेडक्रॉस भवन में महिला जागरूकता कार्यशाला एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल रहे, जबकि अध्यक्षता तात्या टोपे यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. किशन यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरराज अग्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, अनुसुइया रघुवंशी और अंजना सिंघल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि गुना जिला गुलाब उत्पादन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है और पॉलीहाउस के माध्यम से हो रही खेती जिले के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में जिले की बेटी की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि शासन की अधिकांश योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ह्यजिज्जी की पंचायतह्ण और आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम की शुरूआत में कलेक्टर ने उपस्थित महिलाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। अध्यक्षता कर रहे कुलगुरु डॉ. किशन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सशक्त महिला ही समृद्ध समाज और प्रदेश की पहचान है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में अनुसुइया रघुवंशी ने भी महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. सतीश राजपूत को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जिले की समाजसेवी महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग आॅफिसर्स, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, महिला चिकित्सकों और महिला सफाई कर्मियों को उनके महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रेडक्रॉस सचिव डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी ने किया और आभार प्रदर्शन मनोचिकित्सक डॉ. आर.एस. भाटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर चंद्रेश जैन, रमेश मालवीय, प्रदीप जैन, डॉ. भूपेन्द्र डाखरे, विकास सोनी, रोहित सुमन, संगीता भाटी, डॉ. एल.के. शर्मा, आशीष मंगल, काशीराम औरैया, डॉ. पुरुषोत्तम बुनकर सहित रेडक्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।