40 सालों से उजाड़ पड़े ट्रांसपोर्ट नगर में चोरों का आतंक

सुरक्षित पार्किंग से ट्रकों का कीमती सामान पार

40 सालों से उजाड़ पड़े ट्रांसपोर्ट नगर में चोरों का आतंक
ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रकों पर है चोरों की नजर

अनंत न्यूज़ @गुना। 40 सालों से आबाद होने का इंतजार कर रहे ट्रांसपोर्ट नगर में इन दिनों चोर और बदमाशों ने अपना ठिकाना बना लिया है। जिसके चलते वाहन मालिकों और चालकों के बीच भारी आक्रोश और भय का माहौल है। अज्ञात बदमाशों ने प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रकों को निशाना बनाते हुए कीमती सामान की चोरी को अंजाम दिया है। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, ट्रक मालिक जावेद खान और बृजेश राठौर ने कैंट थाने में आवेदन देकर चोरी की जानकारी दी है। बताया गया है कि ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 7899 और एमपी 08 जेड ई 3303 को बीती 21 मार्च को पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया गया था। सोमवार 23 मार्च की सुबह जब मालिक अपने वाहनों के पास पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। बदमाशों ने ट्रकों से बैटरी और मरम्मत से जुड़ा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। हालांकि एक ट्रक से बैटरी ले जाने में बदमाश असफल रहे। चोरी की यह घटना रात्रि करीब 1 बजे की बताई जा रही है। ट्रक मालिकों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर जैसे व्यावसायिक क्षेत्र में जहाँ करोड़ों के वाहन खड़े होते हैं, वहाँ सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। क्षेत्र के लोगों और वाहन मालिकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि यहाँ रात के समय अज्ञात और संदिग्ध बदमाश खुलेआम घूमते रहते हैं। कई असामाजिक तत्व यहाँ शराब पीने के लिए जमा होते हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बना रहता है। क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ट्रक मालिकों ने कैंट पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस चौकी या नियमित गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।