शांति समिति की बैठक में गूंजा डीजे और जर्जर सड़कों का मुद्दा विधायक पन्नालाल ने जताई कड़ी आपत्ति
अनंत न्यूज़ @ गुना। कलेक्ट्रेट सभागृह में शनिवार को आगामी त्योहारों और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर 'शांति समिति' की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मौजूद गुना विधायक पन्नालाल ने शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर तीखे तेवर दिखाए। विधायक ने मुख्य रूप से डीजे से होने वाले ध्वनि प्रदूषण और शहर की खस्ताहाल सड़कों के मुद्दे पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।
विधायक पन्नालाल ने डीजे साउंड के अनियंत्रित शोर पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि डीजे से होने वाला ध्वनि प्रदूषण अब घातक स्तर पर पहुँच गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि तेज वाइब्रेशन के कारण न केवल पुराने मकानों को नुकसान पहुँचने का खतरा है, बल्कि यह लोगों के मानसिक स्वास्थ्य और दिमाग पर भी बुरा असर डाल रहा है। विधायक ने प्रशासन को सुझाव दिया कि शहर में संचालित होने वाले सभी डीजे संचालकों का अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन किया जाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे बजाने के निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। शांति समिति की बैठक में विधायक ने शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सड़कों की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए इसके समाधान के लिए जनभागीदारी का प्रस्ताव रखा। विधायक ने कहा कि यदि आवश्यक हो, तो जनभागीदारी के माध्यम से भी सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य कराया जाना चाहिए ताकि नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।