गुना नगरपालिका अध्यक्ष का बड़ा हमला ; विधायक के घर के पास अवैध निर्माण पर कार्रवाई न होने पर सीएमओ को घेरा

गुना नगरपालिका अध्यक्ष का बड़ा हमला  ; विधायक के घर के पास अवैध निर्माण पर कार्रवाई न होने पर सीएमओ को घेरा
इसी भवन का निर्माण बिना अनुमति बताया जा रहा है

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के बैजू चौराहे पर विधायक के निवास के समीप हो रहे एक अवैध चार मंजिला व्यावसायिक निर्माण को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (प्रभारी सीएमओ) को पत्र लिखकर इस मामले में अब तक कार्रवाई न होने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और संलिप्त अधिकारियों की भूमिका पर भी आपत्ति जताई है।
अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता द्वारा सीएमओ को जारी पत्र के अनुसार, शहर के मध्य मुख्य बाजार के बैजू चौराहे पर बिना किसी निर्माण अनुमति के पिछले सात-आठ महीनों से चार मंजिला व्यावसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा है। पत्र में इस बात पर हैरानी जताई गई है कि नगरपालिका के किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड उपयंत्री या अतिक्रमण दस्ते ने अब तक इस पर कोई संज्ञान क्यों नहीं लिया। सविता अरविंद गुप्ता ने सीधे शब्दों में पूछा है कि क्या किसी राजनीतिक वजह या दबाव के चलते आज दिनांक तक इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं की गई? उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने स्वयं अध्यक्ष होने के बावजूद अपने घर की तीसरी मंजिल का निर्माण विधिवत अनुमति लेने के बाद ही कराया था। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में विधायक भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित उपयंत्री ने अब तक नोटिस तक जारी नहीं किया है।

दो दिन में मांगी रिपोर्ट, अन्य स्थानों पर भी जाँच के निर्देश
अध्यक्ष ने प्रभारी सीएमओ को निर्देशित किया है कि उक्त अवैध निर्माण पर नगरपालिका अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार उचित कार्रवाई कर दो दिन के भीतर उन्हें अवगत कराया जाए। मेन ए.बी. रोड, सदर बाजार, अशोक नगर रोड, आरोन बी.जी. रोड और बूढ़े बालाजी रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर चल रहे अन्य अवैध निर्माण कार्यों की जाँच कर सात दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। भविष्य में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर बिना किसी दबाव के वार्ड स्तर पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर से सहयोग लेने की चेतावनी
अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे इस विषय में माननीय कलेक्टर से भी चर्चा करेंगी। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि विधायक के निवास के पास ही इस तरह का अवैध निर्माण होने से नगरपालिका की छवि खराब हो रही है। पत्र की प्रतिलिपि उचित कार्रवाई और जिला प्रशासन के सहयोग के लिए कलेक्टर गुना को भी भेजी गई है।