डिजिटल पुलिसिंग में चमका गुना, सीसीटीएनएस में प्रदेशभर में दूसरा मुकाम

एसपी हितिका वासल के 'हाईटेक विजन' को मिली बड़ी सफलता

डिजिटल पुलिसिंग में चमका गुना, सीसीटीएनएस में प्रदेशभर में दूसरा मुकाम

गुना।अनंत न्यूज़

आधुनिक तकनीक और स्मार्ट पुलिसिंग के दम पर गुना पुलिस ने पूरे मध्य प्रदेश में सफलता का परचम लहराया है। अपराध नियंत्रण और विवेचना प्रणाली को हाईटेक बनाने के उत्कृष्ट प्रयासों के चलते सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) के सफल क्रियान्वयन में गुना पुलिस को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल हुआ है। यह गौरवशाली उपलब्धि गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और प्रभावी मॉनिटरिंग का शानदार प्रतिफल है।

एसपी हितिका वासल की प्राथमिकता के चलते जिले के सभी थानों में अपराध पंजीयन, विवेचना और अपराधियों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण बेहद गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 28 जून 2026 को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार में गुना पुलिस को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर (हाई कोर्ट म.प्र.) और मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने गुना जिले के सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन को शील्ड प्रदान कर इस गरिमामयी सम्मान से नवाजा। यह बड़ी कामयाबी न केवल वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल समन्वय बल्कि जिले के समस्त थाना प्रभारियों, अनुविभागीय अधिकारियों और सीसीटीएनएस शाखा के कर्मचारियों की सामूहिक कर्तव्यनिष्ठता और टीम वर्क का परिणाम है। गुना पुलिस ने इस सम्मान के बाद संकल्प दोहराया है कि वे भविष्य में भी आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत कर आम नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं देते रहेंगे।