कहीं बंद मिले ताले तो कहीं नदारद थीं कार्यकर्ता
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मारा आंगनवाड़ी केंद्रों पर छापा
गुना। दयालवाणी
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार चंदेल ने गुना ग्रामीण परियोजना के अंतर्गत आने वाले विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर गंभीर लापरवाही उजागर हुई, जिस पर उन्होंने सख्त रवैया अपनाया है।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र कुड़ी मंगवार पूरी तरह बंद मिला, जहाँ कार्यकर्ता ऋतु उपाध्याय और सहायिका दोनों गायब थीं। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र नेगमा में कार्यकर्ता कृष्णा धाकड़ गैरहाजिर पाई गईं, हालाँकि यहाँ सहायिका बच्चों को शाला पूर्व शिक्षा देती हुई मिलीं। बच्चों द्वारा कविताएँ सुनाए जाने और व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारी ने सहायिका के कार्य की सराहना की। इसके अतिरिक्त चक देवपुर केंद्र में बच्चों की उपस्थिति काफी कम दर्ज की गई। साथ ही कार्यकर्ता को पोषण ट्रैकर एवं संपर्क एप का ज्ञान न होने पर नाराजगी जताई गई। पाटई केंद्र में व्यवस्थाएँ बदहाल मिलने पर परियोजना अधिकारी दीपा शर्मा और पर्यवेक्षक कृष्णा कौशल को केंद्र को चाइल्ड-फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए गए। गोपालपुरा केंद्र में भी कार्यकर्ता रेखा धाकड़ बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गर्इं। निरीक्षण के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने केंद्रों के संचालन में बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने परियोजना अधिकारी दीपा शर्मा को अनुपस्थित रहने वाली कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।