ग्राम खजूरी कला में लगी “यातायात चौपाल”, हेलमेट पहनने का दिलाया संकल्प

यातायात पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों की दी जानकारी, राहवीर योजना और हिट एंड रन सहायता प्रावधान भी समझाए

ग्राम खजूरी कला में लगी “यातायात चौपाल”, हेलमेट पहनने का दिलाया संकल्प
ग्रामीणों से चर्चा करते यातायात प्रभारी

गुना।अनंत न्यूज़

 सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुना यातायात पुलिस द्वारा ग्राम खजूरी कला में विशेष “यातायात चौपाल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ।

यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह ने अपने अमले के साथ ग्रामीणों, युवाओं और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली लापरवाही है।

कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इसके अलावा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही ओवरटेकिंग में सावधानी, रात्रि में डिपर के सही उपयोग और नाबालिगों को वाहन न देने संबंधी जानकारी भी साझा की गई।

यातायात पुलिस ने शासन की “राहवीर योजना” की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिक को सम्मान और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना और “हिट एंड रन” मामलों में मिलने वाली आर्थिक सहायता के प्रावधानों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।