विंध्यांचल कॉलोनी में प्राणघातक हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आरोपी पर हत्या सहित दर्ज हैं 20 गंभीर मामले

विंध्यांचल कॉलोनी में प्राणघातक हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गुना।अनंत न्यूज़

शहर की विंध्यांचल कॉलोनी में पिछले दिनों हुए प्राणघातक हमले के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी संतोष किरार को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे विभिन्न गंभीर अपराधों के कुल 20 मामले दर्ज हैं। 
गुना एसपी हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम ने अंजाम दिया। घटनाक्रम के अनुसार, 4 जून 2026 को विंध्यांचल कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय फरियादी नरेश चौकसे ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि वह सुबह मंदिर से स्कूटी द्वारा अपने घर लौट रहा था, तभी वंदना स्कूल के पास वाली गली में संतोष किरार, सूरज किरार, श्रीराम किरार और उनके एक अन्य साथी ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया। इसके बाद संतोष किरार ने उसकी स्कूटी पर लाठी से हमला कर उसे सड़क पर गिरा दिया और सभी आरोपियों ने लाठी, पाइप व फर्से जैसे घातक हथियारों से उसकी बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में नरेश चौकसे के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों के खिलाफ गुना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से सघन दबिश दी। पुलिस की सतर्कता के परिणाम स्वरूप घटना के मात्र तीसरे दिन, 7 जून 2026 को मुख्य आरोपी संतोष किरार (54) निवासी ग्राम गुढ़ा, थाना फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से मामले में शामिल अन्य फरार व अज्ञात आरोपियों के संबंध में पूछताछ करने के लिए उसे माननीय न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमांड पर लिया है।

पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी संतोष किरार के खिलाफ पूर्व में जिले के फतेहगढ़, कोतवाली, बमोरी, धरनावदा और राघौगढ़ जैसे विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुना पुलिस अब प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।