जिला अस्पताल में मरीज के अटेंडर अब मात्र 10 रुपये में ले सकेंगे भोजन

कामधेनु मिशन ने शुरु की नई व्यवस्था

जिला अस्पताल में मरीज के अटेंडर अब मात्र 10 रुपये में ले सकेंगे भोजन

अनंत न्यूज़ @गुना। जिला चिकित्सालय में उपचार करा रहे मरीजों के परिजनों के लिए 'कामधेनु मिशन' ने बेहद राहत भरी पहल शुरू की है। रविवार को जिला अस्पताल परिसर में कामधेनु मिशन गुना द्वारा मात्र 10 रुपए के मामूली शुल्क पर सायंकालीन भोजन व्यवस्था का शुभारंभ किया है।

भोजन वितरण केंद्र का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषीश्वर और व्यापार एवं उद्योग महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल द्वारा किया गया। कामधेनु मिशन ने जिला अस्पताल के मेटरनिटी हॉल के पास अपना वितरण केंद्र बनाया है। यहां टोकन के माध्यम से मरीजों के परिजनों को 10 रुपए में 8 पूड़ी और सब्जी उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था का लाभ लेने के लिए मरीजों के अटेंडरों को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक टोकने लेने होंगे। भोजन की गुणवत्ता बरकरार रखने के लिए मिशन द्वारा दोपहर 2.30 बजे के भोजन बनाने की प्रक्रिया शुरु होगी और शाम के समय टोकन के आधार पर भोजन वितरित किया जाएगा। कामधेनु मिशन की खास बात यह है कि यह पूरी तरह महिलाओं का संगठन है, जिसमें सभी समाजों की महिलाएं शामिल हैं। इस सेवा पर होने वाला पूरा खर्च मिशन की सदस्य महिलाएं आपसी सहयोग से वहन करेंगी। सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषीश्वर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले गरीब परिजनों के लिए यह व्यवस्था संजीवनी साबित होगी। भोजन की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच की जाएगी ताकि नियमों और स्वच्छता का पालन सुनिश्चित हो सके। व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि सेवा भारती द्वारा दिन के समय भोजन की व्यवस्था की जाती है, लेकिन शाम के समय परिजनों को काफी परेशानी होती थी। कामधेनु मिशन ने शाम के भोजन की जिम्मेदारी उठाकर इस बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। कामधेनु मिशन की सदस्यों के अनुसार, इस पहल का एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पताल में अपने परिजनों की सेवा में लगे लोग रात को भूखे न सोएं। सेवा भाव के साथ शुरू की गई इस योजना से प्रतिदिन सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे।