गुना पुलिस का 'ऑपरेशन मुस्कान'
30 दिनों में खोजे 30 नाबालिग, 5 साल से लापता बालिका को भी परिजनों से मिलाया
गुना।अनंत न्यूज़
गुमशुदा और अपहृत नाबालिगों की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान आॅपरेशन मुस्कान में गुना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में जिले की पुलिस ने महज 30 दिनों के भीतर 30 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सुरक्षित खोज निकाला और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित इस प्रदेशव्यापी अभियान के तहत गुना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और जमीनी स्तर पर व्यापक कार्रवाई की। पुलिस की टीमों ने न केवल जिले और सीमावर्ती राज्यों में दबिश दी, बल्कि बाहरी राज्यों, औद्योगिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले महानगरों में भी सक्रिय खोजबीन की। इस सघन अभियान के दौरान कुल 30 नाबालिगों को दस्तयाब किया गया, जिनमें 28 बालिकाएं और 02 बालक शामिल हैं। इस पूरे अभियान में कई प्रकरण पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हुए। सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि गुना शहर से पिछले 5 वर्षों से लापता एक बालिका की सुरक्षित बरामदगी रही। इतने लंबे समय से लापता बच्ची को ढूंढ निकालना पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता का प्रमाण है। इस जटिल मामले को पुलिस ने सामुदायिक सहयोग और निरंतर प्रयासों के माध्यम से सुलझाकर बालिका को उसके परिवार से मिलाया।