गुना कलेक्ट्रेट में हाईवोल्टेज ड्रामा
महिला ने कलेक्ट्रेट में पकड़ी बहू को भगा ले जाने वाले युवक के जीजा की गिरेबान
गुना।अनंत न्यूज़
धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम टोड़ी में एक विवाहिता के लापता होने का मामला मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब जनसुनवाई में आए पीड़ित परिवार और आरोपी के रिश्तेदार के बीच जमकर झूमाझटकी हो गई।
दरअसल, ग्राम टोड़ी निवासी संतोष यादव की पत्नी रवीना यादव बीते 20 जून से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता है। पीड़ित पति संतोष का आरोप है कि उसका पड़ोसी बृजभान यादव उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। संतोष ने बताया कि 20 जून को वह एक शादी समारोह में शामिल होने गुना आया था और इसी सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोसी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही पीड़ित पति अपनी पत्नी की लगातार तलाश कर रहा है और उसने इस संबंध में धरनावदा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट होकर संतोष मंगलवार को अपनी मां के साथ न्याय की गुहार लगाने जनसुनवाई में पहुंचा था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर उसे आरोपी बृजभान का जीजा बलवीर यादव अचानक दिखाई दे गया। बलवीर को देखते ही पीड़ित संतोष और उसकी मां का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने तुरंत बलवीर को घेर लिया और लापता महिला के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब बलवीर ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो आक्रोशित संतोष और उसकी बुजुर्ग मां ने बलवीर की गर्दन पकड़ ली और उसके साथ जमकर झूमाझटकी शुरू कर दी। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर अचानक हुए इस हंगामे को देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और आम जनता का भारी जमावड़ा लग गया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामले को बमुश्किल शांत कराया। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार के गुस्से का शिकार हुए बलवीर यादव का कहना है कि उसका साला बृजभान महिला को लेकर गया होगा, इस बात से वह इनकार नहीं कर रहा है, लेकिन उसे इस पूरी घटना की बिल्कुल भी जानकारी नहीं है और न ही उसने इस कृत्य में रवीना या बृजभान का कोई सहयोग किया है।