अग्रवाल परिवार द्वारा भव्य गणगौर महोत्सव का आयोजन
मानस भवन में 10 बहुओं ने एक साथ की पूजा
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के मानस भवन में गणगौर पर्व के अवसर पर श्यामलाल बंशीलाल अग्रवाल परिवार द्वारा एक भव्य और भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उत्सव की खास बात यह रही कि परिवार की 10 बहुओं ने एक साथ एकत्रित होकर पूर्ण विधि-विधान से गणगौर माता का पूजन किया और अखंड सौभाग्य की कामना की।
गणगौर का यह पावन पर्व भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना को समर्पित है। अग्रवाल परिवार की बहुओं ने पारंपरिक गीतों और मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। बता दें कि गणगौर महोत्सव का आयोजन कुल 16 दिनों तक किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन माता की सेवा और पूजन का विधान है। उत्सव के दौरान सामाजिक समरसता और मेल-मिलाप का भी सुंदर नजारा देखने को मिला। पूजन करने वाली प्रत्येक महिला ने अपने साथ 16 अन्य महिलाओं को आमंत्रित किया था। इस प्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने एक साथ पूजन में भाग लिया, जिसके पश्चात सभी के लिए सुरुचिपूर्ण सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आस्था के साथ-साथ उत्साह का माहौल भी रहा। महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसमें गणगौर के पारंपरिक लोक गीतों पर नृत्य और भजन शामिल थे। अग्रवाल परिवार द्वारा आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की सराहना पूरे समाज में की जा रही है।