सकतपुर रोड पर लक्ष्मीनारायण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

सकतपुर रोड पर लक्ष्मीनारायण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

गुना।अनंत न्यूज़

शहर की लक्ष्मीनगर कॉलोनी (सकतपुर रोड) में त्रि-दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन आगामी 22 जून तक पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

महोत्सव के पहले दिन शनिवार को लव कुश मंदिर से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया, जिसके बाद यह यात्रा लक्ष्मीनगर स्थित नवनिर्मित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंची। कार्यक्रम की श्रृंखला में दूसरे दिन रविवार को भगवान का विशेष अभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।

महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार, 22 जून को सुबह हवन, शांति पूजन और विशाल भंडारे (प्रसाद वितरण) का आयोजन होगा, जिसके साथ ही देव प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न होगी। इसी दिन रात्रि 8 बजे से एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो प्रभु इच्छा तक चलेगी। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक लखन रघुवंशी एवं गोलू ओझा अपनी मधुर प्रस्तुतियां देंगे। भजनों पर ढोलक पर संगत हरिभजन द्वारा दी जाएगी। कार्यक्रम में जगम्मन कुशवाह सहित कई गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजक मंडल और समस्त कॉलोनी वासियों ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।