व्यापारियों की समस्याओं को लेकर डीएम-एसएसपी की संयुक्त गोष्ठी, दिए समाधान के निर्देश
कानून व्यवस्था, सुरक्षा और जनसुविधाओं पर व्यापारियों से लिया फीडबैक
इटावा |अनंत न्यूज़
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना, उनके सुझाव प्राप्त करना और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान करना था।
गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने सुरक्षा, यातायात, बाजार व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने की अपील भी की।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।