गुना में सुरक्षित नहीं महिला और बुजुर्ग ; सनसनीखेज वारदात: मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के गले से चेन छीनकर भागे बदमाश

कुछ दिन पहले बोहरा मस्जिद के सामने बुजुर्ग से की थी लूटपाट

गुना में सुरक्षित नहीं महिला और बुजुर्ग ; सनसनीखेज वारदात: मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के गले से चेन छीनकर भागे बदमाश
मॉर्निंग वॉक कर रही महिला के गले से चेन छीनते बदमाश।

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में महिला और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह सोने की चेन लूट ली और रहवासी क्षेत्र में बाईक दौड़ाते हुए फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक सीमा यादव मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 25 मिनट पर मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। जब वह शारदा स्कूल के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर सीमा के गले से करीब एक तोले सोने की चेन खींच ली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। इस दौरान जब पीड़िता ने साहस दिखाते हुए अपनी चेन वापस छीनने का प्रयास किया, तो बाइक सवार बदमाशों ने बड़ा छुरा निकालकर उन्हें धमकाया और कैंट की तरफ तेजी से फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज से यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश पहले से ही इलाके में रेकी कर रहे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत कैंट थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दिनदहाड़े और भीड़भाड़ वाले समय में हुई इस लूट की वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है और चर्चा है कि अब लोग सुबह की सैर के दौरान भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

दिनभर वायरल हुआ वीडियो

गुना में सामने आई वारदात को लेकर पूरे शहर में दहशत का माहौल बरकरार है। दिनभर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ है। जिसमें बदमाश महिला के गले से चेन झपटते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि यह वारदात ऐसी जगह हुआ, जहां कई प्रशासकीय अधिकारियों के बंगले हैं और शासकीय आवास स्थित हैं। अति सुरक्षित माने वाले जाने इस परिसर में एक महिला के गले से चेन झपटने की वारदात ने पूरे शहर में दहशत फैला दी है।

बुजुर्ग से हो चुकी है लूटपाट

इससे पहले बीते रविवार को शहर की एक और पॉश कॉलोनी में बुजुर्ग चिकित्सक के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आ चुकी है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामला बोहरा मस्जिद के सामने स्थित एक गली में गुजर रहे बुजुर्ग चिकित्सक डॉ. गजेंद्र सिंह से संबंधित था। गजेंद्र सिंह घरेलू आवश्यकता का सामान लेकर अपने घर जा रहे थे। तब भी इसी तरह दो युवक उनके करीब आए और उन्हें जमीन पर पटक लिया। बदमाश डॉ. गजेंद्र का पर्स लेकर भाग गए थे। जिसमें करीब 5 हजार रुपए और अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। इस मामले में एक दिन बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी और पवन कॉलोनी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस घटना को लेकर भी शहर में दहशत का माहौल है। दोनों ही मामलों ने महिला और बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाश कमजोर तबके को निशाना बना रहे हैं और समय भी ऐसा चुना जा रहा है, ताकि कम से कम भीड़ या लोग मदद के सामने आ सकें।