गुना में सघन वाहन चेकिंग अभियान: बसों में सुरक्षा खामियां उजागर, दोपहिया चालकों पर कार्रवाई
गुना। अनंत न्यूज़
गुना पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित हुआ।
अभियान की शुरुआत आरोन बस स्टैंड से की गई, जहां बसों की गहन जांच की गई। इस दौरान बसों के दस्तावेजों के साथ-साथ फिटनेस, सुरक्षा उपकरण और यात्री सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। जांच में दुर्गेश नंदिनी ट्रेवल्स, गुरूचरणम ट्रेवल्स, सिकरवार ट्रेवल्स और तिरुपति ट्रेवल्स सहित कई बसों का निरीक्षण किया गया।
जांच में सामने आईं खामियां:
कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स में जरूरी दवाइयां अनुपस्थित या एक्सपायर मिलीं, जबकि फायर एक्सटिंग्विशर अनुपयोगी हालत में पाए गए और उनमें CO₂ गैस समाप्त थी। इसके अलावा कुछ चालक निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले, जो नियमों का उल्लंघन है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी बसों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए और कोई भी बस 15 वर्ष से अधिक पुरानी नहीं थी।
इसके बाद जय स्तंभ चौराहा पर विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहनों पर ओवरलोडिंग (3-4 सवारी) के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 16 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 24 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इंस्पेक्टर अजय प्रताप ने बताया कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने का प्रयास भी है। उन्होंने गुना के नागरिकों से नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाने और वाहनों में सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने की अपील की है।