गुना के दीपक शर्मा बने राष्ट्रीय पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियन
75 किग्रा वर्ग में जीता स्वर्ण पदक
गुना।अनंत न्यूज़
गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में आयोजित चौथी राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग एवं पैरा आर्मरेसलिंग चैम्पियनशिप 2026 में गुना जिले के म्याना ग्राम निवासी दीपक शर्मा ने 75 किलोग्राम वर्ग की पैरा सिटिंग कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही दीपक का चयन आगामी वर्ल्ड आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भी हो गया है।
पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया एवं गुजरात आर्म रेसलिंग एसोसिएशन द्वारा 28 मई से 2 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 1800 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। दीपक ने शुरूआत से ही दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई और कड़े मुकाबले में तकनीक व आत्मविश्वास के दम पर तमिलनाडु के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दीपक की इस ऐतिहासिक जीत पर फेडरेशन की प्रेसिडेंट व फिल्म एक्ट्रेस प्रीति झांगियानी और प्रो पंजा लीग के फाउंडर व एक्टर प्रवीण डबास ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। दीपक पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2 कांस्य और राष्ट्रीय स्तर पर 4 स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वे 'प्रो पंजा लीग' में किराक हैदराबाद टीम के रजिस्टर्ड पैरा खिलाड़ी भी रहे हैं। अपनी सफलता पर दीपक ने कहा कि यदि दिव्यांगजन आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ें, तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर अंचल के खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।