ललितपुर डीएम का अल्टीमेटम: एक सप्ताह में सड़क मरम्मत पूरी करें
नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी एफआईआर
ललितपुर।अनंत न्यूज़
जिले में पेयजल आपूर्ति और सड़क मरम्मत कार्यों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कैम्प कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद अधूरी पड़ी सड़कों और गलियों की मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल निगम ग्रामीण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्य प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ जल्द पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में अमृत-2.0 योजना के तहत खोदी गई सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जहां-जहां सड़कें खोदी गई हैं, उनकी मरम्मत का कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क मरम्मत के दौरान लोग गीले सीमेंट पर वाहन निकाल देते हैं, जिससे नई बनी सड़कें खराब हो जाती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि मरम्मत स्थल को सीमेंट पूरी तरह सूखने तक बैरिकेडिंग कर बंद रखा जाए। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर वाहन निकालकर सड़क को नुकसान पहुंचाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को बेहतर पेयजल सुविधा और अच्छी सड़कें उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्रा, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मुंशीलाल, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।