शादी के नाम पर लूट! “लुटेरी दुल्हन” गैंग का पर्दाफाश

8 अंतरजनपदीय आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख का माल बरामद

शादी के नाम पर लूट! “लुटेरी दुल्हन” गैंग का पर्दाफाश

ललितपुर |अनंत न्यूज़

 पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी और चोरी करने वाले अंतरजनपदीय “लुटेरी दुल्हन” गैंग का खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के सदस्य पकड़े गए। आरोपियों के कब्जे से नकदी, जेवरात और 7 मोबाइल फोन समेत करीब 5 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह ऐसे युवकों को निशाना बनाता था जिनकी शादी नहीं हो पा रही होती थी। गिरोह पहले भरोसा जीतकर अपनी महिला सदस्य से शादी कराता था, फिर कुछ दिनों बाद घरवालों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाता था।

थाना बार क्षेत्र निवासी रहीश लोधी भी इस गैंग का शिकार हुआ। आरोपियों ने “रागिनी” नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाकर शादी कराई थी। शादी के दो दिन बाद महिला घर से नगदी और जेवर लेकर फरार हो गई थी।

घटना के बाद पुलिस कप्तान  मो. मुश्ताक के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने गिरोह का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों में उदयभान, पूजा गौतम, विजय कुमार, बैजन्ती देवी, बन्दना, आरती, किरण पाल और दिनेश कुमार शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्यों पर मध्यप्रदेश, राजस्थान, मिर्जापुर और प्रतापगढ़ समेत कई जगहों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।