मंडलायुक्त की सख्त समीक्षा: विकास कार्यों में देरी और लापरवाही पर जताई नाराजगी, किसानों के मुआवजे के लिए दिए 3 दिन का अल्टीमेटम
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा
ललितपुर।अनंत न्यूज़
झांसी मंडल के मंडलायुक्त एवं नोडल अधिकारी बिमल कुमार दुबे ने शनिवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनपद प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने सभी विभागों की परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के मुआवजे में देरी पर बीमा कंपनी को लगाई फटकार
बैठक के दौरान कृषि विभाग की समीक्षा में ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के मुआवजा प्रकरणों पर विशेष चर्चा हुई। समीक्षा में बताया गया कि 5070 किसानों के दावों का सर्वे पूरा हो चुका है और जिला स्तर की आवश्यक प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है, लेकिन इसके बावजूद कई किसानों के खातों में मुआवजा राशि नहीं पहुंची है।
इस पर मंडलायुक्त ने बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाते हुए पूछा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद किसानों को राहत राशि क्यों नहीं मिली। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष किसानों के खातों में अगले तीन दिनों के भीतर मुआवजा राशि जारी की जाए, अन्यथा संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उद्यान विभाग को लक्ष्य बढ़ाकर अधिक किसानों को लाभ देने के निर्देश
उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि पिछले वर्ष के लक्ष्य की तुलना में कम से कम 10 प्रतिशत अधिक किसानों को एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक बागवानी और कृषि से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
बिजली विभाग के लंबित आवेदनों पर जताई नाराजगी
विद्युत विभाग की समीक्षा में झटपट पोर्टल पर लंबित विद्युत कनेक्शन आवेदनों की संख्या पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण कर पात्र आवेदकों को शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।
साथ ही जनपद में निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक में मंडलायुक्त ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने प्रदर्शन और सेवा वितरण में सुधार लाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि आमजन को सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोई भी फरियादी असंतुष्ट होकर कार्यालय से न लौटे
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति कार्यालय से असंतुष्ट होकर वापस जाता है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग के स्तर पर समस्या का समाधान संभव नहीं है तो संबंधित अधिकारी आवेदक को उचित मार्गदर्शन दें और आवश्यक होने पर संबंधित विभाग से संपर्क कर उसकी समस्या के समाधान का रास्ता बताएं। दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सम्मानजनक और संतोषजनक सेवाएं मिलनी चाहिए।
अधिकारियों को जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्टेकहोल्डर्स के साथ नियमित बैठकें करें और सरकार की योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
बैठक में मौजूद रहे जिले के वरिष्ठ अधिकारी
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक, डीएफओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।