रंगों से सराबोर हुआ शहर, 11वें वर्ष भी उत्साह के साथ निकला पारंपरिक गैर महोत्सव
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में रंगपंचमी के पावन अवसर पर सकल हिंदू समाज और गैर महोत्सव आयोजन समिति के तत्वाधान में भव्य गैर महोत्सव का आयोजन किया गया। लगातार 11वें साल आयोजित इस महोत्सव में पूरा शहर रंगों और गुलाल की चादर में लिपटा नजर आया। आयोजन के दौरान युवाओं की भारी मौजूदगी रही और करीब 3 से 4 घंटों तक शहर की सड़कों पर उत्सव का अद्भुत माहौल बना रहा। परंपरा के अनुसार गैर के भव्य चल समारोह का शुभारंभ हनुमान चौराहे से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों जैसे हाट रोड और सदर बाजार होते हुए लक्ष्मीगंज पहुँचा। जिन गलियों और रास्तों से भी यह कारवां गुजरा, वहाँ की सड़कें और दीवारें रंगों से सराबोर हो गईं। लक्ष्मीगंज पहुँचने पर भारत माता की आरती के साथ इस पारंपरिक महोत्सव का विधिवत समापन किया गया। गैर के दौरान उत्साह का मंजर देखने लायक था। कहीं ढोल की थाप पर युवा थिरक रहे थे, तो कहीं बैंड-बाजों की धुन पर लोग सुर में सुर मिलाते नजर आए। हर साल की तरह इस बार भी शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वल्पाहार के साथ गैर का आत्मीय स्वागत किया। लोग पूरी तरह से भक्ति और उल्लास के रंगों में डूबे दिखाई दिए। इस महोत्सव में आम नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में सत्ताधारी दल के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के बीच निकले इस जुलूस ने भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया है।
फिर नजर आई फायर ब्रिगेड
एक तरफ गैर महोत्सव का उत्साह चरम पर था। वहीं गैर के भव्य चल समारोह में फायर ब्रिगेड का साथ चलना भी चर्चा का विषय बना रहा। किसी ने इसे शहर के सबसे बड़े महोत्सव को देखते हुए उत्साह बढ़ाने वाला बताया तो काई नियम विरूद्ध कहता भी नजर आया। हालांकि अच्छी बात यह है कि अब नगरपालिका के पास एक साथ 3 फायर ब्रिगेड उपलब्ध रहती है, जिससे आपात स्थिति में किसी तरह की अप्रिय घटना को टाला जा सके।
रंगपंचमी: हुरियारों की टोली ने शहर को किया रंगों से सराबोर
जिले भर में रविवार को रंगपंचमी का त्योहार बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। रंगों के इस महापर्व पर सुबह से ही शहर की सड़कों पर हुरियारों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे पूरा वातावरण रंगीन नजर आया। दोपहर तक शहर के विभिन्न मार्गों पर दोपहिया वाहनों पर सवार युवाओं की टोलियां एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हुए मस्ती में लबरेज दिखाई दीं। इसी के साथ होली से शुरू हुए पांच दिवसीय रंगोत्सव का समापन हो गया है। त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में जगह-जगह चेकिंग पॉइंट बनाए थे। पुलिस बल हुड़दंगियों को नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद नजर आया, इसके बावजूद युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और उन्होंने सुरक्षा घेरों के बीच भी जमकर होली खेली। केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि जिले के ग्रामीण अंचलों और कस्बों में भी रंगपंचमी की भारी धूम रही। पारंपरिक गीतों और ढोल की थाप पर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। दोपहर बाद तक चले इस उत्सव के बाद शाम को लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस पर्व के साथ ही अब पांच दिनों से चल रहे होली उत्सव का विधिवत समापन हो गया है।