मौत का अंधा मोड़: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 श्रद्धालु गंभीर घायल
गुना।अनंत न्यूज़
जिले के सिरसी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुतली घाटी के अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बजरंगगढ़ क्षेत्र के निर्भयगढ़ गांव से एक परिवार अपने परिजनों के साथ निहाल देवी मंदिर में मन्नत पूरी होने पर पूजा और भंडारे के लिए जा रहा था। ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें 8 से 10 बच्चे भी शामिल थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पुतली घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी हादसे में शियूकर बाई (40), ज्योति बाई (24), राहुल (23), कविता (8) और भूरी (5) घायल हुए हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अंधे मोड़ पर अचानक ब्रेक लगाना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
स्थानीय लोगों के अनुसार पुतली घाटी का यह अंधा मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। क्षेत्र में सुरक्षा उपायों और चेतावनी संकेतों की कमी के चलते दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।