फसल कटाई के दौरान आगजनी का खतरा
विधायक ऋषि अग्रवाल ने कलेक्टर से की बमोरी में फायर ब्रिगेड और कंट्रोल रूम की मांग
अनंत न्यूज़ @गुना। रबी की फसल पककर तैयार होने और कटाई का कार्य शुरू होने के साथ ही खेतों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए बमोरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल ने प्रशासन को पत्र लिखकर क्षेत्र में फसलों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। विधायक ने कलेक्टर को लिखे पत्र में स्पष्ट किया कि बमोरी विधानसभा के दूरदराज इलाकों में आग लगने की स्थिति में गुना जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड पहुँचने में काफी समय लग जाता है, जिससे तब तक किसानों की मेहनत जलकर राख हो जाती है। हाल ही में करमदा, धरावला, कपासी और चक हनुमंतखेड़ा जैसे गाँवों में हुई आगजनी की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने प्रशासन को तत्काल अलर्ट मोड पर आने को कहा है।
विधायक अग्रवाल ने सुझाव दिया है कि आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने के लिए अनुविभाग, तहसील और क्लस्टर स्तर पर विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। साथ ही, उन्होंने मांग की है कि प्रत्येक स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं ताकि किसान आपात स्थिति में तुरंत संपर्क कर सकें। पत्र में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि बमोरी मुख्यालय पर स्थायी रूप से फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की जाए और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध पानी के टैंकरों को 24 घंटे भरकर तैयार रखा जाए। विधायक ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा समय रहते उठाए गए इन कदमों से न केवल आगजनी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा, बल्कि अन्नदाताओं को होने वाले भारी आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सकेगा।