परशुराम जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर पशुपतिनाथ मंदिर में बैठक संपन्न

19 अप्रैल को निकलेगा भव्य चल समारोह

परशुराम जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर पशुपतिनाथ मंदिर में बैठक संपन्न

गुना। अनंत न्यूज़

पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले चल समारोह और मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी और सनाढ्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष इंजीनियर कृष्ण राजौरिया ने की। आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इस बार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धूमेश्वर धाम भितरवार के महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज रहेंगे, जिनके मंगल प्रवचनों का लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

तय रूपरेखा के अनुसार, भव्य चल समारोह 19 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे पुराना गल्ला मंडी स्थित राम भक्त हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगा। यह समारोह शहर के प्रमुख मार्गों तेलघानी चौराहा, हनुमान चौराहा, हाट रोड, रपटा, निचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज से होते हुए दुबे कॉलोनी स्थित विघ्न हरण बालाजी मंदिर पहुंचेगा। यहाँ हवन-शांति के पश्चात सामूहिक भोज और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान चल समारोह के मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूजन, आरती और अतिथि व्यवस्था के लिए समिति सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, बैनर-पोस्टर और आमंत्रण पत्रों के माध्यम से समाज की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। बैठक में नर्मदा शंकर भार्गव, रजनीश शर्मा पिंकू, अनिल भार्गव, घनश्याम भार्गव, आलोक उपाध्याय, राम कुमार चौबे, प्रमोद भार्गव, संजय शर्मा, सनत भार्गव और सुनील शर्मा उपस्थित रहे, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन नरेंद्र भार्गव द्वारा किया गया।