रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे डीजे संचालक,व्यापारी संघ अध्यक्ष से लगाई मदद की गुहार

रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे डीजे संचालक,व्यापारी संघ अध्यक्ष से लगाई मदद की गुहार

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के शास्त्री पार्क में शनिवार को जिले भर के सैकड़ों डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस दौरान संचालकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि कड़े प्रतिबंधों और आर्थिक तंगी के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। स्थिति इतनी विकट है कि कुछ संचालक हताशा में आत्मघाती कदम उठाने जैसे विचार करने पर मजबूर हो रहे हैं। अपनी इसी पीड़ा को लेकर सभी संचालकों ने व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल से मुलाकात की और उनसे हस्तक्षेप कर मदद करने की अपील की।

व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने संचालकों की समस्याओं को सहानुभूति पूर्वक सुना और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि डीजे संचालकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे। वहीं, डीजे संचालकों ने भी सामूहिक रूप से भरोसा दिलाया कि वे प्रशासन द्वारा तय की गई सभी गाइडलाइन्स और नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे। संचालकों का कहना है कि वे नियमों के दायरे में रहकर अपना व्यवसाय संचालित करना चाहते हैं ताकि उनके रोजगार पर संकट न आए।