धूमेश्वर धाम से उज्जैन जा रही यात्रा का गुना में स्वागत
महंत महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज ने प्रेस वार्ता कर दी यात्रा की जानकारी
अनंत न्यूज़ @गुना। राष्ट्रवाद, विश्व शांति और जनकल्याण के पावन संदेश के साथ ग्वालियर के भितरवार स्थित धूमेश्वर धाम से शुरू हुई 460 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक पदयात्रा मंगलवार को गुना शहर पहुंची। मंगलवार सुबह 10 बजे बिलोनिया और नानाखेड़ी हनुमान चौराहा होते हुए पदयात्रा जयस्तंभ चौराहे से मानस भवन पहुंची। महामंडलेश्वर अनिरुद्ध वन महाराज के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पदयात्रा का नगर के प्रमुख मार्गों पर भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान मानस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए महामंडलेश्वर अनिरुद्ध वन महाराज ने बताया कि यह यात्रा 12 मार्च को प्रारंभ हुई थी, जो कोलारस, गुना और ब्यावरा होते हुए 24 मार्च को उज्जैन पहुंचेगी। वहां बाबा महाकाल का विशेष पूजन-अभिषेक और भस्म आरती कर विश्व शांति की प्रार्थना की जाएगी। महाराज ने बताया कि इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु और साधु-संत प्रतिदिन पैदल चलकर जन-जन तक सेवा और सौहार्द का संदेश पहुंचा रहे हैं। इससे पूर्व दोपहर 12 बजे महाराज पुराना बस स्टैंड स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ का विधि-विधान से पूजन-अभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर परिवार द्वारा महाराज का आत्मीय स्वागत, अभिनंदन और सम्मान किया गया। नगर आगमन के दौरान शहरवासियों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज ने समाज के सभी वर्गों से इस आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बनने और जनकल्याण के संकल्प में सहभागी होने का आह्वान किया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।