चलती कार बनी आग का गोला: गुना के बड़े पुल के पास हादसा, बाल-बाल बचा परिवार

चलती कार बनी आग का गोला: गुना के बड़े पुल के पास हादसा, बाल-बाल बचा परिवार

गुना।अनंत न्यूज़

 शहर के बड़े पुल के पास रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार इंदौर का एक परिवार समय रहते बाहर निकल गया, जिससे जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरी कार जलकर खाक हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी अंशुल मांडलिक अपने परिवार के साथ ओरछा दर्शन के लिए गए थे। शनिवार को वे झांसी में रुके थे और रविवार को दर्शन के बाद वापस इंदौर लौट रहे थे। कार में तीन महिलाएं और दो बच्चे भी सवार थे।

जैसे ही कार गुना शहर के बड़े पुल के पास पहुंची, अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक अंशुल ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर उतार लिया। कुछ ही क्षणों में कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग का गोला बन गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंशुल ने राहगीरों से फायर ब्रिगेड को सूचना देने की अपील की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड रवाना तो हुई, लेकिन सड़क के दोनों ओर लगे जाम के कारण मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

बताया जा रहा है कि कार में CNG किट लगी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

इस घटना ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की पहुंच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।