ग्रामीणों को बताए अधिकार, जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया भी समझाई

एसपी हितिका वासल के निर्देशन में अजाक पुलिस का अभियान

ग्रामीणों को बताए अधिकार, जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया भी समझाई

गुना।अनंत न्यूज़

एसपी हितिका वासल के संवेदनशील निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के अधिकारों के संरक्षण और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विशेष पुलिस थाना अजाक प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गडलागिर्द में एक विशेष जनचेतना शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग बनाना था।

शिविर के दौरान अजाक थाना प्रभारी ओ.पी. आर्य ने उपस्थित ग्रामीणों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के विभिन्न कड़े प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ जातिगत आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव या अपराध होता है, तो वह बिना किसी डर के तत्काल थाने में प्राथमिकी दर्ज करा सकता है। पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करती है। इसके साथ ही पीड़ितों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता, राहत प्रकरणों की पात्रता और इसकी संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया के बारे में भी बारीकी से समझाया गया।

जाति प्रमाण पत्र प्रक्रिया और सजगता पर जोर

शिविर में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जाति प्रमाण पत्र बनवाने की सरल प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और संबंधित विभागों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के अत्याचार या भेदभाव के खिलाफ मुखर हों और घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज के शोषित वर्ग को कानूनी रूप से सशक्त बनाने की पुलिस की इस अनूठी और सराहनीय पहल की ग्रामीणों ने मुक्तकंठ से सराहना की।