कलेक्टर के सामने फूटा किसानों का गुस्सा

अधिकारियों के '3 पॉस मशीनों' के दावे की खोली पोल, मौके पर लगी फटकार

कलेक्टर के सामने फूटा किसानों का गुस्सा
किसानों से चर्चा करते कलेक्टर।

गुना।अनंत न्यूज़

गुना की नानाखेड़ी मंडी स्थित खाद वितरण डबल लॉक केंद्र पर उस समय प्रशासनिक अधिकारियों को लेने के देने पड़ गए, जब निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के सामने ही किसानों ने कृषि विभाग के दावों की हवा निकाल दी। अधिकारियों ने कलेक्टर को गुमराह करने की कोशिश करते हुए केंद्र पर 3 पॉस मशीनें चालू होने का दावा किया था, लेकिन वहां मौजूद सजग किसानों ने तुरंत आवाज उठाकर इस झूठ को बेनकाब कर दिया और बताया कि जमीनी हकीकत में केवल एक ही मशीन से खाद बांटी जा रही है।

दरअसल, जिले में किसानों को टोकन और खाद के लिए आ रही दिक्कतों को देखते हुए कलेक्टर कन्याल औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। जब उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर कृषि विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया, तो अधिकारियों ने कागजी आंकड़े पेश करते हुए कहा कि केंद्र पर 3 पॉस मशीनें चल रही हैं और 4 अतिरिक्त उपलब्ध हैं। अधिकारियों का यह दावा सुनते ही कतारों में लगे किसानों का सब्र टूट गया। किसानों ने कलेक्टर के सामने ही चिल्लाकर कहा कि साहब! ये झूठ बोल रहे हैं, मौके पर सुबह से सिर्फ एक ही मशीन चालू है और इसी वजह से हम परेशान हो रहे हैं। किसानों द्वारा अधिकारियों के दावे को झूठा साबित करते ही मौके पर सन्नाटा खिंच गया। इस जमीनी हकीकत और लापरवाही के सामने आते ही कलेक्टर ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए मौके पर ही सख्त हिदायत दी। उन्होंने दोटूक निर्देश दिए कि मशीनों की खराबी का बहाना नहीं चलेगा, उसे तुरंत सुधारा जाए। कलेक्टर ने आदेश दिया कि किसानों की सुविधा के लिए केंद्र पर हर हाल में कम से कम 5 मशीनें चालू हालत में रहनी चाहिए ताकि किसी को कतारों में न जूझना पड़े।

किसानों के बीच पहुंचे कलेक्टर

इस हंगामे के बाद कलेक्टर ने खुद मोर्चा संभाला और हमेशा की तरह सीधे किसानों के बीच पहुंचकर संवाद किया। उन्होंने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, वितरण तेज करने के लिए मशीनों की संख्या तुरंत बढ़ाई जा रही है। उन्होंने गुना के किसानों के अनुशासित व्यवहार की तारीफ की, जिससे माहौल शांत हुआ।

अब तक 32 हजार किसानों को मिला खाद

कलेक्टर ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि जिले में अब तक 32 हजार किसानों को खाद दी जा चुकी है और बीते शुक्रवार को ही 2900 से अधिक किसानों को इसका लाभ मिला। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अब रोजाना 5 हजार किसानों को खाद मुहैया कराने का प्रयास कर रहा है, जिसके लिए सभी 86 सोसायटियों से वितरण जारी है। जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है और आने वाले दिनों में एनएफएल से रोजाना बड़ी मात्रा में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।