आरओबी निर्माण की राह में बाधा बने अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

जिला प्रशासन और एमआरडीसी ने की संयुक्त कार्रवाई

आरओबी निर्माण की राह में बाधा बने अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र में निमार्णाधीन ओवरब्रिज के कार्य में तेजी लाने के लिए सोमवार को जिला प्रशासन और एमपीआरडीसी ने संयुक्त कार्रवाई की। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर आरओबी और सर्विस रोड के दायरे में आने वाले पक्के अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया है। एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे इस आरओबी के दोनों तरफ करीब 16 मीटर चौड़ाई तय की गई है। यहां न केवल ओवरब्रिज का मुख्य ढांचा, बल्कि अप्रोच रोड और सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाना है। निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे अतिक्रमणों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया था, जिसके बाद सोमवार को इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा और एमपीआरडीसी के सहायक महाप्रबंधक ग्वालियर शशांक शर्मा की मौजूदगी में पूरी हुई। कार्रवाई के दौरान उन पक्के निर्मार्णों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया जो सर्विस रोड के नक्शे में आ रहे थे। इसमें कुछ लोगों द्वारा दुकानों और मकानों के सामने बनाए गए पिलर और अन्य अवैध निर्माण शामिल थे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आरओबी और सर्विस रोड के रास्ते से अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य निर्बाध रूप से चल सकेगा। इस मार्ग के तैयार होने से पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय निवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहा।