स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण होने पर मीनाक्षी हॉस्पिटल का सेवा संकल्प

आज लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण होने पर मीनाक्षी हॉस्पिटल का सेवा संकल्प
जानकारी देते हुए डॉ. दिनेश सिंह।

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सीय संस्थान मीनाक्षी हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर ने अपनी सफल स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में अस्पताल प्रबंधन द्वारा समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आगामी 2 मार्च, सोमवार को एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दलवी कॉलोनी स्थित अस्पताल परिसर में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुँचाना है। शिविर में पहुँचने वाले मरीजों की जांच, परामर्श और डॉक्टरी मार्गदर्शन पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इसके अतिरिक्त अस्पताल प्रबंधन द्वारा जनहित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी पूर्ण रूप से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में विभिन्न रोगों के अनुभवी और वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए उपस्थित रहेंगे। इनमें नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. बी.एस. कुशवाह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. श्रीवास्तव, जनरल सर्जन डॉ. बी.एल. कुशवाह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनमोल बाधवानी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. कमल किशोर मीना, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एस. कुशवाह और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत सिंह कुशवाह शामिल हैं। ये विशेषज्ञ न केवल मरीजों की जांच करेंगे, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे रोगियों को आगे की चिकित्सा के लिए उचित मार्गदर्शन और उपचार संबंधी सलाह भी देंगे।

 पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष करेंगे शुभारंभ

शिविर के गरिमामय शुभारंभ अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमेर सिंह गढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं की सामाजिक प्रासंगिकता व महत्ता पर अपने विचार साझा करेंगे। मीनाक्षी हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर के इस आयोजन को लेकर जिलेवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क शिविर का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाएं। यह आयोजन अस्पताल की दो दशकों से अधिक की सफल सेवा यात्रा का उत्सव होने के साथ-साथ पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनके अटूट विश्वास का भी परिचायक है।