13 साल से लंबित थे नसिया जी क्षेत्र के 46 नामांतरण
नगरपालिका अध्यक्ष ने स्वीकृत कराए प्रकरण, जैन समाज ने माना आभार
गुना। अनंत न्यूज़
शहर के पुण्योदय अतिशय क्षेत्र बजरंगगढ़ अंतर्गत आने वाले नसिया जी की बीजी रोड स्थित 13 बीघा भूमि के नामांतरण का वर्षों पुराना मामला सुलझ गया है। नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने सक्रियता दिखाते हुए करीब 13 वर्षों से लंबित इन नामांतरणों को 13 अप्रैल को स्वीकृति प्रदान कर दी। इस निर्णय से जैन समाज में हर्ष की लहर है।
बता दें कि पुण्योदय अतिशय क्षेत्र की इस भूमि को नसिया जी के नाम से जाना जाता है। जब यह जमीन खरीदी गई थी, तब यहां प्लॉट काटे गए थे। वर्ष 2013 में संबंधित भूखंड धारकों ने स्वेच्छा से अपने प्लॉट संस्था नसिया जी को दान कर दिए थे। चूंकि यह दान का मामला था, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की राशि का लेन-देन नहीं हुआ था। तकनीकी कारणों और प्रशासनिक ढिलाई की वजह से पिछले 13 वर्षों से इन प्लॉटों का नामांतरण संस्थान के नाम पर नहीं हो पा रहा था। जब तीर्थक्षेत्र कमेटी ने वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता से इस समस्या के समाधान हेतु निवेदन किया, तो उन्होंने तुरंत पूरी फाइल की जांच करवाई। अध्यक्ष ने पाया कि धार्मिक और सामाजिक महत्व का यह मामला अनावश्यक रूप से लंबे समय से लंबित है। उन्होंने रुचि दिखाते हुए प्रक्रिया को गति दी और फाइल स्वीकृत कराई। सफलतापूर्वक नामांतरण होने पर श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय तीर्थक्षेत्र के पदाधिकारियों ने नगरपालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज ने एक मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें कई बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया गया। समाज ने मांग करते हुए कहा कि नसिया जी के समीप क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए, स्टेशन रोड स्थित चौधरन मिश्रीबाई धर्मशाला का नामांतरण जल्द पूरा किया जाए, धर्मशाला के आसपास से संपूर्ण अतिक्रमण हटाया जाए, संस्थान के शेष बचे हुए अन्य नामांतरणों को भी शीघ्र स्वीकृति दी जाए। इस मौके पर अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने स्पष्ट किया कि नागरिकों के जायज कामों में अब देरी नहीं की जाएगी। उन्होंने समाज जनों और आम जनता को अपना व्यक्तिगत नंबर साझा करते हुए कहा कि, यदि किसी भी नामांतरण या कार्य के बदले कोई भी कर्मचारी या बिचौलिया राशि की मांग करता है, तो तुरंत मुझे सूचित करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पारदर्शी कार्यप्रणाली नगरपालिका की प्राथमिकता है।