हनुमान चौराहे पर बड़ा हादसा टला, ट्रक की चपेट में आई एक्टिवा
युवक की सतर्कता से बची जान
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के सबसे व्यस्ततम हनुमान चौराहे पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया और उसके ऊपर चढ़ गया। इस दौरान मौके पर मौजूद एक युवक की सूझबूझ और तत्परता से एक्टिवा चालक की जान बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को रौंदते हुए उसके ऊपर चढ़ने लगा। ट्रक के नीचे वाहन को दबता देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच वहां मौजूद कृष्णा कुशवाह नामक युवक ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए ट्रक चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया और अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रक के नीचे फंसी एक्टिवा के चालक को सुरक्षित बाहर खींच लिया। गनीमत रही कि ट्रक की रफ्तार कम थी और कृष्णा कुशवाह ने समय रहते हस्तक्षेप किया, जिससे एक्टिवा चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, इस टक्कर में एक्टिवा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने हनुमान चौराहे जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को शहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश के समय और गति पर सख्त नियंत्रण करना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।