साधु-संतों पर अभद्र टिप्पणी से जैन समाज में भारी आक्रोश
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; कठोर कार्रवाई की मांग
गुना।अनंत न्यूज़
फर्जी नामों से सिम जारी करवाकर जैन समाज की आर्यिका माता और साधु-संतों पर सोशल मीडिया के माध्यम से अनर्गल व अभद्र टिप्पणी कराने जैसे कृत्य से पूरा जैन समाज आहत और आक्रोशित है। समाज का माहौल खराब करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने की इस साजिश के विरोध में जैन समाज के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को एक शिकायती ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपते हुए समाज के प्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व और आरोपी पैसा लेकर इस तरह का सुनियोजित षड्यंत्र रच रहे हैं। ये लोग दूसरों के नाम पर फर्जी सिम कार्ड जारी करवाते हैं और फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का दुरुपयोग कर पूज्य साधु-संतों और आर्यिका माताओं के खिलाफ कीचड़ उछालने का काम करते हैं। समाज का कहना है कि इसके पीछे का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी वैमनस्यता फैलाना और शांतिपूर्ण माहौल को पूरी तरह से खराब करना है। समाज ने इस मामले में चल रही कानूनी कार्रवाई का हवाला देते हुए बताया कि इस पूरे मामले को लेकर पड़ोसी जिले अशोकनगर में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस प्रशासन द्वारा मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में संलिप्त सागर जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। समाज ने शासन से मांग की है कि पकड़े गए आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर इतनी कठोर और उदाहरणमूलक सजा तय की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी किसी के आराध्यों पर उंगली उठाने की हिम्मत न कर सके।