विश्व पर्यावरण दिवस पर साइकिल रैली और पौधरोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प
गुना |अनंत न्यूज़
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फिट इंडिया क्लब गुना द्वारा मिशन सतरंगी अभियान के तहत साइकिल रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और हरित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान शहर के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
शास्त्री पार्क से शुरू हुई साइकिल रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पितृ स्मृति वन पहुंची। रैली में शामिल लोगों ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया तथा वृक्षारोपण को बढ़ावा देने वाले नारे लगाए।
पितृ स्मृति वन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम नारायण राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, पर्यावरण परिषद के जिला अध्यक्ष करण सिंह ठाकुर, पूर्व नपाध्यक्ष हरि विजयवर्गीय, सूर्यप्रकाश तिवारी, पार्षद कैलाश धाकड़ एवं फिट इंडिया क्लब के संचालक अनूप शोड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रेम नारायण राठौर ने फिट इंडिया क्लब को 33 हजार रुपये, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता ने 21 हजार रुपये तथा अंकुर श्रीवास्तव ने 1100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की शपथ ली।