मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर ललितपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर ललितपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

ललितपुर।अनंत न्यूज़

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित ललितपुर आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए नगर क्षेत्र में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम के दिन सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश और निकास पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने वर्णी चौराहा से कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए तुवन चौराहा स्थित मुख्य प्रवेश द्वार तक के मार्ग को नो-ट्रैफिक जोन घोषित किया है। इस दौरान आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और निर्धारित मार्गों से ही यातायात संचालित किया जाएगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों को वर्णी चौराहे से डायवर्ट कर डैम रोड, करीमनगर होते हुए सावरकर चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं गोविंदनगर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों को सदर कांटा से पानी की टंकी, अभिलाषा और सदनशाह मार्ग के जरिए स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।

कोतवाली ललितपुर, साईं मंदिर और महिला थाना मार्ग से किसी भी वाहन को तुवन चौराहा की ओर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। स्वयंवर मैरिज गार्डन की ओर से आने वाले वाहनों को भी तुवन चौराहा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा तथा उन्हें वर्णी चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा।

इसी प्रकार एच.के. टेलर की ओर से आने वाले वाहनों को करीमनगर मार्ग के जरिए वर्णी चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कलेक्ट्रेट मार्ग पर भी विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। वर्णी चौराहा एवं जिला न्यायालय के प्रवेश द्वार से किसी भी वाहन को कलेक्ट्रेट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को डैम रोड एवं बीएसपी कार्यालय मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बसों की पार्किंग गिन्नौट बाग एवं अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे स्थित मैदान में की जाएगी। हल्के एवं मध्यम वाहनों के लिए रिमझिम गार्डन तथा आवश्यकता पड़ने पर एलाइट चौराहा स्थित एमईएस ग्राउंड का उपयोग किया जाएगा। वहीं वीआईपी वाहनों की पार्किंग फूटा बंगला परिसर में निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकेगा।