मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर 2 महीने में ₹1248 महंगा, शादी सीजन में बढ़ी चिंता
होटल-रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर सीधा असर, 500 लोगों के खाने का बजट ₹50 हजार तक बढ़ा
भोपाल |अनंत न्यूज़
मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। बीते दो महीनों में सिलेंडर के दाम ₹1248 तक बढ़ गए हैं, जिससे अब यह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट सामने आए हैं। भोपाल में सिलेंडर ₹3074, इंदौर में ₹3179, जबलपुर में ₹3290, ग्वालियर में ₹3296 और उज्जैन में ₹3241 में मिल रहा है।
स्थिति और गंभीर इसलिए भी है क्योंकि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को उनकी जरूरत के मुकाबले केवल 50 प्रतिशत गैस ही मिल पा रही है। ऐसे में जुलाई तक होने वाली 20 हजार से ज्यादा शादियों के बीच कैटरिंग और आयोजन की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा के अनुसार, सिलेंडर के बढ़े दामों से कैटरिंग कॉस्ट में करीब 10 प्रतिशत तक इजाफा होगा। 500 लोगों के लिए 5 लाख रुपए का भोजन बजट अब 45 से 50 हजार रुपए तक बढ़ सकता है।उन्होंने इस बढ़ोतरी को अनुचित बताते हुए सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है। विशेषज्ञों की माने तो इस महंगाई का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा, खासकर शादी और बड़े आयोजनों के दौरान।