मध्य प्रदेश पुलिस में फिर शुरू होगी उच्च पदों पर ‘कार्यवाहक प्रभार’ की व्यवस्था
भोपाल |अनंत न्यूज़
मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग के अधिकारियों को उच्च पदों का ‘कार्यवाहक प्रभार’ देने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की जाएगी। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस रेगुलेशन के पैरा-72 के तहत पहले भी उच्च पदों पर कार्यवाहक प्रभार दिया जाता था। हालांकि पिछले वर्ष 17 जून को मोहन यादव कैबिनेट द्वारा पदोन्नति के नए नियमों को मंजूरी दिए जाने और 19 जून 2025 को नियमित पदोन्नति संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद इस प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था।
अब जबलपुर उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका क्रमांक 13393/2026 में 23 अप्रैल 2026 को दिए गए आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय ने कार्यवाहक प्रभार की प्रक्रिया पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है।
स्पेशल डीजी प्रशासन आदर्श कटियार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि न्यायालय के निर्देशों के पालन में यह कदम उठाया गया है।इस निर्णय के बाद पुलिस विभाग में रिक्त या आवश्यक उच्च पदों पर अधिकारियों को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी जा सकेगी। इससे विभागीय कार्यों में तेजी आने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।