नानाजी की पुण्यतिथि पर वैश्य युवाओं ने किया 21 यूनिट रक्तदान
अनंत न्यूज़ @ गुना। मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन के संस्थापक स्वर्गीय श्री नारायण प्रसाद जी गुप्त 'नानाजी' की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेशव्यापी अभियान के तहत गुना में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में युवा इकाई द्वारा स्थानीय शिवा ब्लड बैंक पर आयोजित इस शिविर में वैश्य समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए लक्ष्य के अनुरूप 21 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्त एक ऐसी अनमोल वस्तु है जिसे न तो बाजार से खरीदा जा सकता है और न ही प्रयोगशाला में कृत्रिम रूप से बनाया जा सकता है। यह केवल मानवीय दान के माध्यम से ही प्राप्त होता है जो संकट के समय किसी का जीवन बचाने में निर्णायक सिद्ध होता है। इस अवसर पर उन्होंने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा— "रक्तदान कर रोक लो, मरणासन्न की मौत; घर-घर में जलती रहे, सबकी जीवन ज्योत।" जिला महामंत्री विकास जैन 'नखराली' ने बताया कि नानाजी की स्मृति में आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं का माल्यार्पण कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस मानवीय कार्य के दौरान जिला प्रभारी इंजीनियर डी.एन. नीखरा, युवा इकाई संभागीय अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, जिला अध्यक्ष नवल सोनी, जिला महामंत्री मयंक विजयवर्गीय, जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, वरुण अग्रवाल, चंचल सोनी और प्रशांत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।