रोमांचक फाइनल में बिलासपुर को हराकर लखनऊ बना चैंपियन 38वीं अखिल भारतीय शास्त्री हॉकी स्वर्ण कप का समापन

रोमांचक फाइनल में बिलासपुर को हराकर लखनऊ बना चैंपियन  38वीं अखिल भारतीय शास्त्री हॉकी स्वर्ण कप का समापन

अनंत न्यूज़ @ गुना। शहर के संजय स्टेडियम खेल मैदान पर 9 साल के लंबे अंतराल बाद आयोजित अखिल भारतीय लाल बहादुर शास्त्री हॉकी स्वर्ण कप के 38वें संस्करण का रविवार को समापन हो गया है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा और लखनऊ की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद बिलासपुर को 1-0 से शिकस्त देकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।
फाइनल मैच की शुरूआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त जद्दोजहद देखने को मिली। दोपहर की तीखी धूप भी दर्शकों के उत्साह को कम नहीं कर सकी; बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे और सिर पर रुमाल रखकर मैच का लुत्फ उठाया। अंतत: लखनऊ ने एक निर्णायक गोल दागकर मैच और खिताब दोनों जीत लिए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने सफल आयोजन के लिए नगरपालिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की लोकप्रियता के बीच हमें राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देना और उसे सहयोग करना अनिवार्य है। सिसौदिया ने इस आयोजन को संभव बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। सिसौदिया ने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि एक दौर था जब शास्त्री कप का आयोजन हजारों दर्शकों की मौजूदगी में होता था, और आज 9 साल बाद वही दृश्य दोबारा देखना टूर्नामेंट की बड़ी सफलता है। उन्होंने अगले वर्ष देश की अन्य प्रतिष्ठित टीमों को भी इस आयोजन में शामिल करने की इच्छा जताई। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने भी संबोधित किया। बता दें कि 2 फरवरी से शुरू हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की 18 जानी-मानी टीमों ने शिरकत की और टूर्नामेंट के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले गए।