चांचौड़ा में ढाई लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

चांचौड़ा में ढाई लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

गुना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाइयां की जा रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 की शाम चाचौड़ा थानांतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे पर बरखेड़ा गांव स्थित एक होटल के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तस्कर की धरपकड़ के लिए तत्काल बीनागंज चौकी से पुलिस टीम रवाना हुई। टीम ने बिना कोई देरी किए बरखेड़ा गांव पहुंचकर मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। वहां पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे सक्रिय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजमोहन पुत्र लक्ष्मीनारायण मीना (उम्र 45 साल), निवासी ग्राम चक हरीचा, थाना चांचौड़ा, जिला गुना बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 25.51 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने स्मैक को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चांचौड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। पुलिस अब आरोपी के स्मैक तस्करी के अन्य स्रोतों और संभावित नेटवर्क की भी बारीकी से जांच कर रही है।