गुना में हाईवे से 60 दिन में हटेगा अतिक्रमण

हर 50 किमी पर तैनात होगी स्पेशल सर्विलांस टीम

गुना में हाईवे से 60 दिन में हटेगा अतिक्रमण

गुना।अनंत न्यूज़

जिले में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात को बाधामुक्त बनाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निदेर्शों का पालन करते हुए हाईवे को सुरक्षित बनाने के लिए कई बड़े और कड़े फैसले लिए गए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के सहयोग से एक विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की जाए। उठऌ अधिनियम के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के आरओडब्ल्यू क्षेत्र में किए गए सभी अवैध कब्जों को 60 दिनों के भीतर हर हाल में हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इस मुहिम को लेकर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि अतिक्रमण वाले स्थानों को चिन्हित कर पुलिस विभाग को सूची दी जाए, ताकि समय पर पर्याप्त पुलिस बल मुहैया कराया जा सके।

हर 50 किलोमीटर पर तैनात होगी 'हाईवे सर्विलांस टीम'
सड़कों पर हादसों को रोकने और नियमों का पालन कराने के लिए जिला प्रशासन अब बेहद आधुनिक और मुस्तैद व्यवस्था करने जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निदेर्शों के तहत जिले के राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर अगले 15 दिनों के भीतर 'जिला राज्य मार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स' का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही, पुलिस और परिवहन विभाग के अमले को मिलाकर अगले 30 दिनों में प्रत्येक 50 किलोमीटर के दायरे पर एक 'राज्य निगरानी दल'  तैनात किया जाएगा, जो हाईवे पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखेगा।

मवेशियों से होने वाले हादसों पर लगेगी लगाम, भदौरा में बनेगी गौशाला
अक्सर देखा जाता है कि वर्षा ऋतु के दौरान मवेशी सड़कों और नेशनल हाईवे पर आकर बैठ जाते हैं, जिससे भीषण सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए कलेक्टर ने एनएचएआई (ठऌअक) के अधिकारियों को भदौरा क्षेत्र के पास एक सर्वसुविधायुक्त गौशाला निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हाईवे पर 'काउ कैचर दल' द्वारा नियमित गश्त की जाएगी, ताकि मवेशियों को सुरक्षित रूप से सड़क से हटाया जा सके।

आरओबी की होगी मरम्मत, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
बैठक की शुरूआत में जय स्तंभ चौराहे से भुल्लनपुरा तिराहे तक बने आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की सुरक्षा की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पुल के दोनों ओर सड़क मरम्मत का कार्य और ब्रिज के ऊपर मजबूत सुरक्षा बैरियर लगाने के काम को तय समय-सीमा में पूरा करने की हिदायत दी, ताकि आम जनता बिना किसी खतरे के सफर कर सके। इसके अलावा बैठक में सड़क किनारे बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने और सुरक्षा के अन्य मानकों को लागू करने पर भी गंभीर मंथन हुआ।